नोएडा स्थित स्मार्टफोन कंपनी रिंगिंग बेल्स ने अब फ्रीडम 251 एंड्रॉयड फोन की डिलीवरी में एक नया पेंच फंसा दिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि देशभर में राज्यवार लकी ड्रॉ के जरिए दुनिया के सबसे सस्ते एंड्रॉयड स्मार्टफोन फ्रीडम 251 की डिलीवरी की जाएगी। यानी फोन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके लोगों के बीच कंपनी लकी ड्रॉ निकालेगी और अगर आप खुशकिस्मत रहे तो फ्रीडम 251 आपको डिलीवरी किया जाएगा।
कुछ दिन पहले रिंगिंग बेल्स ने दावा किया था कि जून अंत तक कंपनी 2 लाख फ्रीडम 251 स्मार्टफोन डिलीवर करने के लिए तैयार है।
फ्रीडम 251 स्मार्टफोन के लिए सात करोड़ के आसपास रजिस्ट्रेशन प्राप्त किए थे। जब फरवरी में घोषणा इस फोन की गई थी। गौरतलब है कि रिंगिंग बेल्स ने फरवरी में अपनी वेबसाइट के माध्यम से फ्रीडम 251 की बिक्री शुरू की थी। 251 रुपये की कीमत वाला यह एंड्रॉयड फोन काफी विवाद में रहा, रिंगिंग बेल्स को एक पोंजी कंपनी भी बताया गया।
इसके बाद भी संभावित खरीदारों से भारी प्रतिक्रिया के कारण दो दिन की बिक्री के दौरान वेबसाइट क्रेश हो गई। कंपनी ने दावा किया है कि वेबसाइट क्रेश होने के बावजूद भी 30,000 ग्राहकों ने फोन बुक किया था।
फ्रीडम 251 (Freedom 251) 4.0 इंच डब्ल्यूवीजीए आईपीएस डिस्प्ले के साथ है। यह एंड्रॉयड 5.1 लॉलीपॉप ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलेंगे। फ्रीडम 251 स्मार्टफोन 1.3 गीगाहर्ट्ज क्वॉड कोर प्रोसेसर पर काम करते हैं। फोन की रैम 1 जीबी रैम दी गई है। इंटरनल स्टोरेज 8 जीबी और माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए मैमोरी को 32 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी के लिए 3.2 मेगापिक्सल रियर और सेल्फी के लिए 0.3 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है। कनेक्टिविटी की बात करें तो डुअल सिम सपोर्ट, 3जी, वाई-फाई, ब्लूटूथ की सुविधा मौजूद है। इसमें 1450 एमएएच की बैटरी है।
कंपनी का दावा है कि यह फोन एक साल की वारंटी के साथ मौजूद होगा। साथ ही कंपनी ने इसके लिए 650 से भी ज्यादा देश भर में सर्विस सेंटर बनाए हैं।

No comments:
Post a Comment