बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का कहना है कि अमेरिकी शो ‘क्वांटिको’ की वजह से विदेशों में भी लोग अब उनकी हिन्दी फिल्में देखने लगे हैं। 40 दिन की छुट्टियां बिताने के बाद अदाकारा प्रियंका चोपड़ा जल्दी ही अपने शो 'क्वांटिको' के दूसरे सीजन की शूटिंग के लिए अमरीका में होंगी।
शो के बारे में प्रियंका बताती हैं, "क्वांटिको से विश्व के कई देशों में मेरी पहचान बनी है। अब लोग मेरे नाम को गूगल करके मेरी हिन्दी फिल्में भी देखने लगे हैं। मुझे एयरपोर्ट पर देखकर लोग ‘एलेक्स-एलेक्स’ चिल्लाने लगते हैं। यहां तक कि एक लड़की ने हिन्दी में मुझे मैसेज भी किया।"
हॉलीवुड करियर के बारे में वो कहती हैं, "फिलहाल मैं सिर्फ एक सीरियल कर रही हूं और मैंने अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म ‘बेवॉच’ की शूटिंग खत्म की है।" प्रियंका की फिल्म 'बेवॉच' 19 मई 2017 को रिलीज हो रही है। सेंसर बोर्ड के बारे में प्रियंका कहती हैं, "सेंसर के रवैये से मैं परेशान नहीं हूं, बल्कि दुखी हूं। वैसे भी मेरी फिल्म एक कॉमेडी है, न कि ड्रामा।"
उन्होंने बताया, "मैं फिल्म में नकारात्मक भूमिका में हूं। मजेदार बात तो यह है कि पहली बॉलीवुड फिल्म में भी मैं नकारात्मक किरदार में थी और पहली हॉलीवुड फिल्म में भी निगेटिव रोल में ही हूं।"
इन दिनों प्रियंका अधिकतर समय विदेशों में ही बिताती हैं। उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें डर लगता है कि भारतीय दर्शक उन्हें भूल जाएंगे? प्रियंका कहती हैं, "नहीं, बिल्कुल भी नहीं। मैं हर रोज ‘क्वांटिको’ के जरिए उनके बेडरूम में आती हूं। वैसे भी मैं सबसे पहले हिंदी फिल्मों की अदाकारा हूं।"
हाल ही में आईफा अवॉर्ड शो में प्रियंका ने ‘बाजीराव मस्तानी’ के गाने ‘पिंगा’ पर परफॉर्म किया। ऐसी खबर थी कि इस गाने पर दीपिका और प्रियंका दोनों ही डांस करने वाली थीं।
जब दीपिका के परफॉर्म ना करने की बात पूछी गई, तो वो बोलीं, "इसकी वजह तो आप आईफा ऑर्गनाइजर्स से पूछिए। दीपिका और मैं साथ ही डांस करने वाले थे, वो क्यों नहीं आईं इसकी वजह मैं नहीं जानती।"

No comments:
Post a Comment